ग्रामीणों ने लोहिया आवास में धांधली किए जाने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में दर्जनों अपात्रों को आवास आवंटित कर दिया गया है। यही नहीं ग्रामीणों ने सीरियल से अपात्रों के नाम और उनकी सम्पत्ति का भी विवरण दिया है।
बाबागंज विकास खंड के बल्ला गांव में लोहिया आवासों के आवंटन में धांधली की बात सामने आ रही है। आवास आवंटन की लिस्ट में क्रमांक एक पर दशरथ लाल के बारे में बताया गया है कि उसकी शादी नहीं हुई है लेकिन उसे विधुर दिखाकर आवास दे दिया गया है। क्रमांक 19 पर विजय लक्ष्मी पत्नी दशराम के पास पक्का मकान के साथ ही आटा चक्की, निजी नलकूप एवं ढाई एकड़ से ज्यादा भूमि है। इसके अलावा विद्या देवी पत्नी कल्पनाथ के पास पक्का मकान के साथ ही लाइसेंसी बंदूक, नलकूप सहित अधिक जमीन है। इसी तरह से श्यामा देवी पत्नी जितेंद्र कुमार, रामपती पत्नी रामसुंदर को पहले इंदिरा आवास मिल चुका है। मंजू देवी पत्नी सुरेश को विधवा दिखा दिया गया है।