तीन दिन से लापता चल रहे नगर पंचायत के कर्मचारी के नाबालिग बेटे का शव जंगल में मिला। उसके शव को बोरी में भरकर जंगल में दफन किया गया था। पुलिस ने चार नाबालिग दोस्तों को हिरासत में लिया है। वह अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। उसके बाद से उसका पता नहीं चल सका।
नगर पंचायत मेदनीगंज के नगर पंचायत कर्मचारी के बेटे उजेब की लाश शहर कोतवाली इलाके के पूरेओझा के जंगल में मिली। उसके शव को बोरी में भरकर जंगल में दफन कर दिया गया था। पुलिस ने मृतक के चार नाबालिग दोस्तों को हिरासत में ले लिया है। उनकी निशानदेही पर शव बरामद गिया गया। साथ ही गड्ढा खोदने में प्रयुक्त फावड़ा आदि भी कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन
प्रतापगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के मीराभवन के रहने वाले मोहम्मद सैदाब खान नगर पंचायत मेदनीगंज में संविदा कर्मचारी हैं। उनका बेटा उजेब खान (17) हाईस्कूल का छात्र है। उजेब तीन दिन पहले पांच मार्च को अपने चार दोस्तों के साथ घर से बाहर निकला था। रात 11 बजे उसने फोन करके बताया कि वह कुछ देर में घर पहुंच रहा है। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। इसको लेकर परिवार के लोग काफी परेशान हो गए। थाने में भी उसके लापता होने की जानकारी दी गई।
पुलिस भी खोजबीन में जुटी रही। खोजबीन में जुटे परिजनों को उसकी लास्ट लोकेशन बेल्हा देवी के पास मिली। मौके पर परिजन पहुंचे तो वहां पर उसका फोन तो मिल गया लेकिन उजेब का पता नहीं चला। खोजबीन में जुटी पुलिस ने उजेब के चारों नाबालिग दोस्तों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की तो दोस्तों की बात सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई। साथियों ने बताया कि उन लोगों ने उजेब की हत्या करके शव को बोरी में भरकर जंगल में दफन कर दिया है। दोस्तों की निशानदेही पर पुलिस ने पूरेओझा के जंगल में दफन शव को बरामद कर लिया। गड्ढा खोदने के लिए प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया है।