प्रयागराज- अयोध्या राजमार्ग पर कोहड़ौर थाना क्षेत्र के नरहरपुर मोड़ के करीब श्रद्धालुओं के चार वाहनों के बीच तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार और स्काॅर्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में बिहार की रहने वाली महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। वहीं बिहार और गोंडा के रहने वाले 14 श्रद्धालु घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
गोंडा के गायघाट थाना क्षेत्र के छपही के रहने वाले 36 वर्षीय संजय शर्मा, 42 वर्षीय उमेश, 19 वर्षीय आकाश, 38 वर्षीय सोनी शर्मा, 34 वर्षीय संगीता, 56 वर्षीय अकाला देवी, 28 वर्षीय सुरजेश कुमार और 47 वर्षीय प्रमिला के साथ शनिवार देर रात स्कॉर्पियो से गंगा स्नान करने के लिए प्रयागराज जा रहे थे।
अयोध्या- प्रयागराज राजमार्ग पर देर रात उनकी स्कॉर्पियो कोहंड़ौर थाना क्षेत्र के नरहरपुर मोड़ के पास आगे चल रही एक गाड़ी को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही कार से टकरा गई। एक साथ श्रद्धालुओं के चार वाहन आपस में टकरा गए। हालांकि दो कार सवार मामूली रूप से घायल हुए।
कार सवार महाकुंभ से गंगा स्नान के बाद अयोध्या जा रहे थे। कार में बिहार लखीसराय नंदनामा के 70 वर्षीय रामाशीष सिंह, उनकी 68 वर्षीय पत्नी क्रांती देवी, 24 वर्षीय प्रणय कुमार, 40 वर्षीय शंभू कुमार, उनकी पत्नी पूनम, 40 वर्षीय जितेंद्र कुमार, 23 वर्षीय प्रवीण कुमार घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से कोहड़ौर थानाध्यक्ष राधेश्याम ने सभी को उनके वाहनों से बाहर निकलवाया।
एंबुलेंस से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। उधर मेडिकल कॉलेज में बिहार की क्रांती देवी को मृत घोषित कर दिया गया।
हालांकि साथ मौजूद लोग बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर घर चले गए। अन्य घायलों को भी प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। घटनास्थल पर रात में ही सीओ सिटी शिवनारायण मौके पर पहुंचे।