पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी के चलते मौसम ने अचानक से करवट ले ली है। बृहस्पतिवार को सीजन में पहली बार लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास हुआ। घने कोहरे के साथ शीतलहर भी शुरू हो गई। गलन और ठंड के चलते दिनभर लोग कांपते नजर आए। घने कोहरे के चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई।
लोग घरों में अलाव के पास दुबके रहे। दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। चौराहों व बाजारों में जगह-जगह अलाव धधकते रहे। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 12.8 व न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शहर से लेकर गांव तक जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
इस बार मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते ठंड का असर नहीं दिख रहा था। जनवरी महीने में तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। धूप तल्ख होने लगी थी। इससे सर्दी बिल्कुल गायब हो गई थी। दो दिन पहले वातावरण में उत्तरी-दक्षिणी हवाओं की दखल के बाद ठंड में इजाफा होने लगा। बुधवार को उत्तरी व पश्चिमी हवाओं का असर बरकरार रहा।
बृहस्पतिवार भोर में पश्चिमी हवाओं ने पैठ जमा ली। इससे पूरे वातावरण में घना कोहरा छा गया। कड़ाके की ठंड शुरू हो गई। सुबह लोगों की आंखें खुलीं तो दरवाजे तक घना कोहरा छाया रहा। दो कदम भी देखना मुश्किल हो रहा था। पश्चिमी हवाएं लोगों को कपा रही थीं। शहर के पार्कों में सुबह सन्नाटा पसरा रहा।
सुबह मार्निंग वॉक पर पार्कों में इक्का-दुक्का लोग ही दिखे। शहर की सड़कों व राज्यमार्गों पर वाहन रंगते नजर आए। घने कोहरे में हादसे से बचने के लिए ड्राइवर ट्रक व माल वाहक जगह-जगह खड़ा कर दिए थे। शहर के बाबागंज, पंजाबी मार्केट, सदर बाजार, घंटाघर, अंबेडकर चौराहा, बस अड्डा सहित भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। सुबह 11 बजे के बाद दुकानें खुलीं, मगर ग्राहकों का टोटा रहा। दोपहर 12 बजे के बाद कोहरा छटा, मगर वातावरण में धुंध बनी रही।
गलन व ठंड से लोगों का बुरा हाल रहा। चौराहों व बाजारों में जगह-जगह अलाव धधकते रहे। दुकानदार व राहगीर ठंड से बचने के लिए अलाव के पास दुबके रहे। कमोवेश यही हाल ग्रामीण इलाकों का भी रहा। शाम होते ही ठंड और बढ़ने लगी। शाम छह बजे के बाद बाजारों में सन्नाटा पसर गया।
शहर से लेकर गांव तक जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 12.8 व न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक देशराज मीना ने बताया कि पश्चिमी हवाओं से ठंड बढ़ गई है। सीजन में पहली बार कड़ाके की ठंड पड़ी है। अभी ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
24 घंटे में पांच डिग्री सेल्सियस लुढ़का तापमान
वातावरण में बर्फीली हवाओं की दस्तक से तापमान तेजी से लुढ़क रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 24 घंटे में अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस लुढ़का है, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 12.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर छह डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
वृहस्पतिवार को सुबह पड़ा कोहरा।- फोटो : PRATAPGARH