जमीन पर कब्जे के मामले को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष का टिननुमा घर गिरा दिया। इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। सूचना पर पुलिस पहुंची तो वह लोग भाग निकले। दूसरे दिन पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
हथिगवां थाना क्षेत्र के बिसहिया उदई मिश्र का पुरवा गांव निवासी सुरेंद्र सरोज ने बाग में ईट की दीवार बनाकर उस पर टिनशेड रखा हुआ था। दीपावली की रात में गांव के कुछ लोगों ने उसका टिनशेड पूरी तरह से गिरा दिया। इसी तरह से दो टिनशेड और रखे गए थे उसे भी गिरा दिया गया।
आरोप है कि इस दौरान जमकर फायरिंग की गई। जानकारी होने पर भी पीड़ित परिवार ने दूसरे दिन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच की तो ग्रामीणों ने बताया कि घटना स्थल पर कारतूस के खोखे पाए गए थे। घटना सही होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने सुरेद्र सरोज की तहरीर पर कालिया मिश्र, राम अंजोर, गोरे मिश्र सहित नौ लोगों पर पुलिस ने एससीएसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।