फतनपुर थाना क्षेत्र में शार्ट सर्किट से एक मकान में आग लग गई। इस दौरान रसोई घर में रखा गैस सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। ग्रामीणों ने अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। फतनपुर कोतवाली के तरोईडीह बीरापुर निवासी मनोज सिंह उर्फ बिहारी के छप्परनुमा मकान में बुधवार रात करीब 11 बजे शार्टसर्किट से आग लग गई।
देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से रसोई घर में रखा सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गया। जिस समय मनोज के घर में आग लगी, उस समय वह परिवार के साथ पड़ोस में आई बारात में शामिल होने गया था। आग की लपटें देखकर वह भागकर मौके पर पहुंचा। मौके पर जुटे लोगों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लाखों का सामान जल गया।