जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ब्रजेश मिश्र को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली। फोन करने वाले ने चेताया कि पूरे परिवार को अंजाम भुगतना होगा। बार-बार पूछने के बाद भी धमकी देने वाला अपना नाम नहीं बताया। भयभीत डीआईओएस ने धमकी की शिकायत डीएम व एसपी से करते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ब्रजेश मिश्र के मोबाइल फोन पर धमकी मिली। फोन करने वाला डीआईओएस की बात सुनने के बजाय सिर्फ अपशब्दों की बौछार करने लगा। बोला कि अधिक नेतागीरी कर रहे हो। नेता मंत्री के कहने के बाद भी काम नहीं करोगे। देखता तुम्हारा परिवार कैसे सुरक्षित रहती है। इलाहाबाद में रहने वाले परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी के साथ ही डीआईओएस को गोली मारने की बात कही। जिला विद्यालय निरीक्षक फोन करने वाले से बार-बार काम व गलती का कारण पूछते ही रह गए लेकिन वह सिर्फ अपशब्दों की बौछार और गाली ही देता रहा। इस धमकी के बाद डीआईओएस ने धमकी देने वाला आडियो क्लिप जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भेजने के बाद कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। डीआईओएस का कहना है कि फोन करने वाले को वह नहीं जानते। वह उनकी कोई बात सुनने को तैयार नही था। नगर कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर धमकी देने वाले का मोबाइल नंबर ट्रेस किया जा रहा है। इसके स्वाट टीम भी लगाई गई है।