मेडिकल स्टोर की आड़ में नर्सिंग होम में बुखार पीड़ित युवक की मौत हो गई। डॉक्टर पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया गया है। मृतक के बाबा ने पुलिस को तहरीर देकर डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रानीगंज के डिघवट निवासी कमलाकांत पांडेय सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उनके बड़े बेटे राजेश कुमार पांडेय के बेटे आकाश (32) को तेज बुखार था। आरोप है कि 14 अगस्त को इलाज के लिए आकाश खाखापुर के एक मेडिकल स्टोर पर गया था। जहां उसे मेडिकल स्टोर की आड़ में फर्जी तरीके से नर्सिंग होम चलाने वाले आरोपियों ने ग्लूकोज सहित 13 से 14 दवाएं दीं। जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर दूसरे निजी अस्पताल गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के बाबा की शिकायत पर पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट मांगी है। ताकि विधिक कार्रवाई की जा सके। रानीगंज सीएचसी अधीक्षक डॉ. नौशाद हुसैन ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। फिर भी टीम भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी।