गंगा स्नान कर ट्रेन से उतर रही युवती के साथ मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ स्टेशन पर कथित छेड़खानी की घटना के बाद हंगामा खड़ा हो गया। पीड़िता ने जीआरपी थाने में इसकी लिखित शिकायत की है। हालांकि पुलिस इसे ट्रेन में चढ़ने और उतरने को लेकर महिलाओं के बीच विवाद बता रही है।
लीलापुर थाना क्षेत्र के बांसूपुर गांव का एक परिवार गंगा स्नान कर सोमवार दोपहर मेला स्पेशल से लौट रहा था। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के दौरान किसी ने परिवार में शामिल एक युवती से छेड़खानी करते हुए उसका बाल पकड़कर खींच लिया। इसे लेकर परिजन हंगामा करने लगे।
हंगामे की खबर पर जीआरपी पहुंच गई। किसी तरह विवाद शांत कराया। एसओ जीआरपी सुमित माथुर ने बताया कि ट्रेन में चढ़ने को लेकर कुछ महिलाओं के बीच विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया गया। छेड़खानी का आरोप बेबुनियाद है।