मां बेल्हादेवी जंक्शन होकर गुजरने वाली मालदा टाउन, अर्चना और जनता सहित तीन ट्रेनें सोमवार को निरस्त रहीं। तुलसी एक्सप्रेस सहित 13 ट्रेनें अपने समय की पटरी से उतर गईं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा। घंटों प्लेटफॉर्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक शमीम अहमद ने बताया कि वाराणसी जाने वाली मालदा टाउन, देहरादून-वाराणसी जनता अप और डाउन के साथ अर्चना एक्सप्रेस सोमवार को निरस्त रहीं। जबकि लखनऊ से मां बेल्हादेवी जंक्शन आने वालनी सुपरफास्ट सवा घंटे, पीआरएल पैसेंजर दो घंटे, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक घंटे, लखनऊ-प्रयाग कुंभ स्पेशल आठ घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची।
प्रयाग से योगनगरी ऋषिकेश को जाने वाली योगनगरी तीन घंटे, एकात्मा एक्सप्रेस तीन घंटे, नीलाचंल एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, अमृतसर हावड़ा पंजाबमेल एक घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची। प्रयाग से अयोध्या की ओर जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस सात घंटे, मनवर संगम सवा आठ घंटे, प्रयाग अयोध्या स्पेशल ढाई घंटे, कुंभ मेला स्पेशल दो घंटे तो प्रयाग-रायबरेली पैसेंजर एक घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि अयोध्या से मुंबई जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस छह घंटे, मनवर संगम छह घंटे, कुंभ स्पेशल दो घंटे, अयोध्या प्रयागराज स्पेशल दो घंटे, ऊंचाहार पैसेंजर एक घंटे, खजुराहो सवारी गाड़ी दो घंटे और सरयू एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची। इससे दर्शनार्थियों को परेशान होना पड़ा। महाकुंभ स्नान, ध्यान के बाद लौटे दर्शनार्थियों को लखनऊ जाने के लिए चार से पांच घंटे तक प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
महाकुंभ मेला चल रहा है। स्पेशल ट्रेनों का रेलवे संचालन जरूर कर रहा है मगर इनके आने-जाने का समय तय नहीं है। इससे परेशान होना पड़ रहा है।
अशोक श्रीवास्तव, रायबरेली।
लखनऊ की ओर जा रही एक मेला स्पेशल से प्रतापगढ़ आ गई। सुल्तानपुर जाना है। तीन घंटे से अयोध्या जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही हूं।
आरपी चौधरी, अयोध्या।