समापुर के पास बुधवार को एक मकान में पटाखे से विस्फोट के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान घर से चार बोरियों और गत्तों में रखे पटाखे बरामद हुए। जांच में पटाखों के रखने और बिक्री के लिए लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की।
लालगंज के बाबूगंज बाजार के पास समापुर में मकान बनवाकर रहने वाले मो. अनीस उर्फ राजू के घर में बुधवार शाम धमाका हो गया। छत पर पटाखे सुखाते समय शॉर्ट-सर्किट से विस्फोट हुआ। इसकी चपेट में आकर अनीस की सास बड़का (60) और बेटी अनस (17) झुलस गई थीं।
रात में एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय के पहुंचने के बाद पुलिस ने मकान की तलाशी ली। इस दौरान आवाज पटाखे बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रयागराज के लालगोपालगंज से पटाखे खरीदकर त्योहार पर बेचने के लिए लाए थे।
दरोगा मिथलेश चौरसिया की तहरीर पर अनीस और उसके बेटे मो. अयान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद पटाखों को पानी में डालकर नष्ट कर दिया गया।