उद्यान विभाग में अनुदान के लिए पंजीयन कराते किसान। संवाद
कोल्ड स्टोरेज भंडारण प्रभार अनुदान योजना से आलू की खेती करने वाले सैकड़ों किसानों को सहूलियत मिली है। जिला उद्यान विभाग ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 190 किसानों के खाते में 10.51 लाख रुपये अनुदान राशि भेजी है। जबकि 291 किसानों को जल्द ही राशि भेज दी जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि 19 हजार किसान जिले में आलू की खेती करते हैं। बाजार में आलू का थोक मूल्य कम होने के कारण कोल्ड स्टोरेज में रखी गई आलू की निकासी पर सरकार किसानों को प्रति क्विंटल 100 रुपये का अनुदान प्रदान कर रही है।
जिले के 11 कोल्ड स्टोरेज में 37 हजार मीट्रिक टन आलू का भंडारण किया था। इसमें 21 हजार मीट्रिक टन आलू की निकासी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि अनुदान योजना के तहत 481 किसानों ने आवेदन किया। इनमें से 190 किसानों के खाते में धनराशि भेजी जा चुकी है। किसान योजना का लाभ उठाने के लिए 31 अक्तूबर तक आवेदन होंगे।
ऐसे करें आवेदन
- कोल्ड स्टोरेज संचालक के माध्यम से किसान ऑनलाइन आवेदन करें।
- खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमा-निकासी पर्ची की छाया प्रति लगाएं।
- कोल्ड स्टोरेज संचालक विभागीय पोर्टल पर किसान का आवेदन दर्ज कराएंगे।
- जिला उद्यान विभाग से किसान के बैंक खाते में अनुदान राशि भेजी जाएगी।