पट्टी के बीबीपुर में सड़क हादसे में मृत किसान संसार बहादुर सिंह। फाइल फोटो
- फोटो : PRATAPGARH
कोतवाली क्षेत्र के बीबीपुर खास गांव निवासी किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वह खेत की रखवाली के लिए निकला था और हादसे का शिकार हो गया। परिजन उसकी तलाश रातभर करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह उसका शव सडक़ के बगल खाई में मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बे के बीबीपुर खास वार्ड नंबर 3 निवासी संसार बहादुर सिंह (55) पुत्र स्व. लाल बहादुर सिंह सोमवार रात साढ़े आठ बजे गांव में ही शिवमंदिर पर हुए भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर खेत की रखवाली करने चले गए। देर रात तक घर न लौटने पर चितिंत परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
सुबह सात बजे के करीब तलाश के दौरान उनका शव पट्टी-चांदा मार्ग पर नहर पुलिया से सौ मीटर आगे सडक़ के बाएं तरफ खाई में नजर आया। जिससे अनुमान लगाया गया कि रात में लौटते समय किसी वाहन की टक्कर से उनकी मौत हो गई।
शव घर आया तो परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे की सूचना पर तमाम ग्रामीण दरवाजे पर संवेदना जताने पहुंचे। इस बीच सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंची और शव का पंचनामा कर कोतवाली लाई। मृतक के पुत्र प्रशांत सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पट्टी के बीबीपुर में सड़क हादसे में मृत किसान के बिलखते परिजन।- फोटो : PRATAPGARH