जमीन विवाद में पिटाई से भाजपा नेता के पिता की मौत हो गई थी। परिवार के लोग डीएम-एसपी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े थे। तमाम प्रयास के बाद भी परिजनों ने शव को सुपुर्दे खाक नहीं किया। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
देवसरा थाना क्षेत्र के गौरामाफी निवासी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के ब्लाक अध्यक्ष जिलानी खान का पड़ोस के सुबेदार यादव से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। शनिवार को विवाद के दौरान सुबेदार समेत अन्य लोगों ने जिलानी के भाई कासिम खान को पीटना शुरू कर दिया। बेटे को बचाने पिता गुलजार दौड़ा तो हमलावरों ने उसे भी लाठी डंडे से पीट दिया।
जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में कासिम की तहरीर पर पुलिस ने सुबेदार, सुरेश पुत्रगण रामसुमेर, चंदन उर्फ धनंजय पुत्र कमलेश, मुलायम पुत्र सुरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। रविवार को परिजनों ने डीएम व एसपी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
थानाध्यक्ष व सीओ पट्टी ने परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। उन लोगों की मांग थी कि अफसर आएं और उनकी समस्याओं को सुलझाने के साथ ही सुरक्षा की व्यवस्था करें तभी शव को सुपुर्दे खाक किया जाएगा। एसओ देवसरा ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। परिवार के लोगों को समझाया बुझाया जा रहा है।