हफ्ते भर से गायब युवक का शव नहर में बोरे में भरा मिला। इसकी जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। वह अपनी मंगेतर से मिलने के लिए दोस्त के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं लगने पर घरवालों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर नहर में फेंक दिया गया। परिजन मंगेतर और उसके प्रेमी पर हत्या की आशंका जताते रहे।
महेशगंज थाना क्षेत्र के कन्हैया दुल्लापुर गांव निवासी प्रदीप पटेल (21) पुत्र रामनरेश लालगंज कोतवाली के रानीगंज कैथौला के पास एक ईंट-भट्टे पर काम करता था। एक सप्ताह पूर्व वह अपने साथी अतुल के साथ संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के वासुदेव का पुरवा निवासी मंगेतर से मिलने गया था। मंगेतर से मिलने के बाद वह लापता हो गया था।
शनिवार की देर शाम उसका शव कुंडा कोतवाली के लरू गांव के गोबरा के पास नहर में बोरे में भरा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक प्रदीप की जेब से मिले कागज के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे घरवाले प्रदीप की मंगेतर और उसके प्रेमी पर हत्या की आशंका जताते रहे। मृतक प्रदीप दो भाइयों में बड़ा था। उसकी दो बहने हैं। एक की शादी हो चुकी है। उसकी मौत से परिजनों में चीखपुकार मची हुई है।