लालगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की रात मजदूर से लूटपाट करने वाले बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए। जबकि एक अंधेरे में भाग निकला। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को शटरिंग का काम कर घर लौट रहे पूरे वंशी निवासी उमापति वर्मा से टेढु़ई मोड़ के करीब बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायर कर मोबाइल फोन लूटा था। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में स्पेशल टीम प्रभारी अर्जुन सिंह व लालगंज कोतवाल प्रदीप कुमार को लगाया गया था।
सोमवार की रात करीब पौने आठ बजे बेल्हा रोड आईटीआई मैदान के पास पुलिस टीम बदमाशों की खोजबीन में लगी थी। इस बीच बाइक से आ रहे बदमाशों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वे पुलिसकर्मियों पर फायर करते हुए भागे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सांगीपुर थाना क्षेत्र के खुसहट निवासी 25 वर्षीय राहुल यादव , हर्षपुर कोटवा निवासी 24 वर्षीय राजेंद्र यादव के दाहिने पैर में गोली लगी। जिससे दोनों बाइक समेत घायल होकर गिर पड़े।
मौका पाकर उनका साथी लालगंज कोतवाली के भदारीकला निवासी अभिषेक यादव भाग निकला। आनन-फानन में पुलिस घायलों को लेकर लालगंज ट्राॅमा सेंटर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश में दबिश दी जा रही है। घायल बदमाशों को मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।