वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर कोतवाली देहात के भुआलपुर किला के करीब सोमवार की शाम बेकाबू प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे बाइक सवार विद्युतकर्मी की मौत हो गई। जबकि उसके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाली देहात के कमईपुर निवासी 25 वर्षीय राजेंद्र पटेल भुपियामऊ विद्युत उपकेंद्र पर संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत था। सोमवार को उसका साप्ताहिक अवकाश था।
शाम को पड़ोसी 30 वर्षीय राजगीर संदीप राव को लेकर बाइक से महकनी रेता लेने गया था। भुआलपुर किला के करीब सामने से मोहनगंज की ओर से आ रही प्राइवेट बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
चालक बस लेकर शहर की ओर भाग निकला। आसपास के लोगों ने दोनों के परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल संदीप का उपचार जारी है।
इधर पुलिस ने घटना के बाद भागी बस को लोक निर्माण विभाग के पास अड्डे से कब्जे में ले लिया। जबकि चालक फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन रोते बिलखते मेडिकल कॉलेज पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराने को लेकर पुलिस से बातचीत होती रही। सीओ सिटी शिवनारायण ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।