लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर रामगढ़ तिराहे पर सोमवार की सुबह ट्रैक्टर ने बाइक सवार राजेश सरोज को रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे।
रानीगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ बभनमई निवासी 35 वर्षीय राजेश सरोज सोमवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे रानीगंज बाजार से बाइक लेकर घर की ओर जा रहा था।
रामगढ़ तिराहे के करीब सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। ट्रैक्टर उसे रौंदते हुए गुजर गया।
आसपास के लोगों ने उसे रानीगंज ट्राॅमा सेंटर भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
मृतक दो भाइयों में बड़ा था, छोटा भाई मनोज है। मृतक के बेटी माही, जान्हवी व बेटा रियान है। रानीगंज थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद