रायपुर बिजली उपकेंद्र से जुड़े सरैया, कलापुर, लखनसेनपुर गांव में रविवार शाम एलटी लाइन में अचानक हाईवोल्टेज करंट दौड़ने से अफरा-तफरी मच गई। हाई वोल्टेज के कारण कई घरों में फ्रिज, कूलर, पंखे, टीवी, मोबाइल चार्जर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक गए।
इसी दौरान सरैया गांव निवासी आलोक सिंह नल पर पैर धो रहे थे। करंट की चपेट में आने से उन्हें तेज झटका लगा और वह कुछ देर के लिए अचेत हो गए। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर राहत पाई। ग्रामीणों का आरोप है कि एलटी लाइन में अचानक हाईवोल्टेज आने से यह स्थिति बनी। उन्होंने बिजली निगम से घटना की जांच कराने और पीड़ित उपभोक्ताओं को मुआवजा दिलाने की मांग की है। अधीक्षण अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।