नगर कोतवाली के शुकुलपुर चंदिकन धाम मंदिर गेट से टकराई अनियंत्रित कार। संवाद
बेकाबू कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
भागवत कथा के बाद बाइक से दूध लेने जाते समय हुई घटना, पसरा मातम
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। शुकुलपुर स्थित मां चंद्रिकन देवी धाम के करीब बेकाबू कार बाइक सवार बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद मंदिर के गेट से टकरा गई। हादसे में घायल बुजुर्ग ने प्रयागराज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मां चंद्रिकन देवी धाम शुकुलपुर के पीछे रहने वारे कमलाकांत दुबे (70) के घर भागवत कथा चल रही है। सोमवार की देर रात कथा समाप्त होने के बाद वह बाइक लेकर घर से दूध लेने जा रहे थे। जैसे ही वह मंदिर के करीब पहुंचे। उसी समय सामने से आ रही बेकाबू कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। अनियंत्रित कार मंदिर के गेट से टकराने के बाद रुकी। तेज आवाज सुनकर लोग दौड़े तो कार सवार भाग निकले। गंभीर रूप से घायल कमलाकांत को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोने बिलखने लगे। चौकी प्रभारी सतीश यादव ने बताया कि कार को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।