कुंडा कोतवाली गेट पर जाम के दौरान जुटी भीड़। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
स्थानीय कोतवाली के भदरी पूरे खींचर में पखवारे भर पूर्व हुई मारपीट में घायल वृद्ध की प्रयागराज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजन शव लेकर कुंडा कोतवाली पहुंचे और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गेट पर ही जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे चली बातचीत के बाद परिजन माने और एंबुलेंस को किराने कराकर जाम हटाया। तब जाकर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।
कुंडा कोतवाली क्षेत्र के पूरे खींचर निवासी छोटेलाल यादव (68) पूर्व बीएसएनएल कर्मी थे। बीते 24 नवंबर को उनके बड़े भाई, भाभी, भतीजे और भतीजियों ने शौच जाने के लिए पानी लेते समय मारपीट कर घायल कर दिया था। गंभीर हालत में उन्हें कुंडा सीएचसी लाया गया। जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया था। उसका इलाज प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। 29 नवंबर को उसकी बेटी की शादी थी।
पुलिस ने इस मामले में छोटेलाल की पत्नी श्रीदेवी की तहरीर पर जेठ दसई, जेठानी शकुंतला, बेटी रेशमी, बेटे संजय व संजीत पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। रविवार की भोर में उसकी मौत हो गई। इससे नाराज परिजन शव लेकर कुंडा कोतवाली पहुंचे। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली के सामने रोड जाम कर दिया।
पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। बाद में सीओ और एसडीएम ने समझा बुझाकर सभी को शांत कराया। करीब तीन घंटे बाद आरोपियों की गिरफ्तारी व हत्या का मुकदमा दर्ज करने की बात पर परिजन मान गए। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लोगों की बढ़ती भीड़ देखकर मानिकपुर, नवाबगंज, हथिगवां की फोर्स भी बुलाई गई।