ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा कर मांगी अमन-चैन की दुआ
- फोटो : pratapgarh
जिले में को बुधवार को ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। हर तरफ खुशी का माहौल रहा। खुदा की बारगाह में लोगों के आंसू बहे और पाक रमजान माह में इबादत का मौका देने के लिए शुक्रिया अदा किया।
मुल्क में अमन-चैन के लिए ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर बधाई दी। अल्लाह के नेक बंदों ने सभी के लिए रब से खुशियां मांगीं। गांव से लेकर शहर तक में खुशी का आलम रहा। नए वस्त्र और सिर पर आकर्षक टोपियां नमाजियों की रंगत बढ़ा रही थीं। खुदा की बारगाह में हर आम-ओ-खास का सिर झुका।
ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर हर वर्ग में खासा उत्साह रहा। मुस्लिम भाइयों के चेहरों पर खुशी की परछाई तैरती रही। सुबह से ही नमाज की तैयारी में बड़े, बुजुर्ग और बच्चे भी जुटे रहे। नए कपड़ों में सजकर सिर पर टोपियों को संवारते हुए सभी मस्जिदों और ईदगाहों की ओर बढ़े। देखते ही देखते भुलियापुर स्थित ईदगाह में नमाजियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी।
साढ़े आठ बजे नमाज शुरू हुई। नमाजियों ने बड़े ही करीने के साथ इबादत की। बीच-बीच में टूटती नमाजियों की खामोशी से मुल्क की सलामती और सबके तरक्की की दुआएं निकलती रहीं।
मौलाना रियाज ने भुलियापुर ईदगाह में नमाज कराई। इसके बाद उन्होंने अल्लाह के बंदों को नेकी के रास्ते का इल्म दिया। कहा कि इस्लाम में मुल्क के प्रति प्यार और भाईचारे की तासीर मिलती है।
इस्लाम को मानने वाले लोग इसके विपरीत कार्य नहीं करते। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे से गले मिल कर ईद की बधाई दी। बच्चों और महिलाओं ने भी एक दूसरे को मुबारकबाद दी। बुधवार को शहर से गांव तक ईद का पर्व धूमधाम से मनाया गया। देर शाम तक लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर ईद की बधाई देते रहे और मुंह मीठा करते रहे।