यूपी बोर्ड की सचिव शैल यादव ने प्रतापगढ़ जिले 10 मार्च को दूसरी पाली में केंद्र संख्या 6741 से 6921 तक कुल 180 एवं 7648 तथा 7649 कुल दो पर हुई इंटरमीडिएट गणित प्रथम प्रश्नपत्र निरस्त कर दी है। इस प्रकार जिले में कुल मिलाकर 182 केंद्रों पर दोबारा परीक्षा होगी। निरस्त परीक्षा 29 मार्च को पहली पाली में प्रात: 7.30 बजे से 10.45 बजे के बीच पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होगी। सचिव के अनुसार प्रतापगढ़ जिले में शेष अन्य परीक्षा केंद्रों पर 10 मार्च को दूसरी पाली में हुई गणित प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा ही मान्य होगी।
प्रतापगढ़ की पांच केंद्रों की निरस्त परीक्षा 29 मार्च को
यूपी बोर्ड की सचिव शैल यादव की ओर से प्रतापगढ़ जिले में सामूहिक नकल के आरोप में निरस्त की गई परीक्षाओं के कार्यक्रम जारी कर दिए गए हैं। 24 फरवरी को दूसरी पाली में हुई आरपी तिवारी इंटर कॉलेज सराय सुभद्रा कुंडा प्रतापगढ़ की इंटर भौतिक विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की निरस्त परीक्षा 29 मार्च को पहली पाली में होगी। 26 फरवरी को दूसरी पाली में हुई श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज झींगुर प्रतापगढ़ की इंटर भौतिक विज्ञान द्वितीय प्रश्नपत्र की निरस्त परीक्षा 29 मार्च को दूसरी पाली में होगी। एक मार्च को पहली पाली में हुई बाल भारती इंटर कॉलेज उमरी कोटिला प्रतापगढ़, आरएन द्विवेदी इंटर कॉलेज पनिगौ प्रतापगढ़ एवं शिवमंगल इंटर कॉलेज रामपुर दाबी संग्रामगढ़ प्रतापगढ़ की हाईस्कूल अंग्रेजी की निरस्त परीक्षाएं 29 मार्च को जिला मुख्यालय पर हाेंगी।