कोरोना की आरटीपीसीआर जांच पर ग्रहण लग गया है। इससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। कोरोना जांच कराने के लिए अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। अस्पतालों में बीटीएम खत्म हो गया है। इसके चलते सैंपल जांच के लिए नहीं भेजे जा रहे हैं।
मौसम में तेजी से परिवर्तन हो रहा है। सर्दी-जुकाम और बुखार के साथ खांसी से पीड़ित लोग कोरोना जांच कराने के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। ज्यादातर लोग आरटीपीसीआर जांच कराना चाहते हैं। आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लेकर जिस बीटीएम में लैब भेजा जाता है, वह खत्म हो चुका है। ऐसे में कोरोना जांच नहीं हो पा रही है।
जिन मरीजों का ऑपरेशन होना है, वे सबसे ज्यादा परेशान हैं। वहीं एंटीजन जांच रिपोर्ट को चिकित्सक मानने के लिए तैयार नहीं हैं। इससे जिले के लोग परेशान हो रहे हैं। दीपावली के बाद कोरोना जांच कराने वाले लोगों की संख्या बढ़ गई है।
25 हजार की डिमांड भेजी जाती है। महज चार से पांच सौ बीटीएम मिल रहे हैं। किसी तरह काम चलाया जा रहा है। जरूरी लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। हालांकि बीटीएम के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है।
डॉक्टर एस हैदर, डिप्टी सीएमओ