प्रतापगढ़। डीएम मार्कण्डेय शाही ने शनिवार को विधानसभा सदर, रामपुरखास, बाबागंज एवं कुंडा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सभी सुविधाएं मुहैया कराने को कहा है। बीएलओ से मतदाता पहचान पत्र वितरण की जानकारी ली। कुंडा के मतदान केंद्रों पर भारी अव्यवस्था देखकर बीईओ रतनलाल को फटकार लगाई।
सदर विधानसभा के प्राइमरी स्कूल सगरा, प्राइमरी स्कूल सरायखंडेराय, प्राइमरी स्कूल बडनपुर, विधानसभा क्षेत्र रामपुरखास में मॉडल प्राइमरी स्कूल अजगरा, पं. रामअंजोर मिश्र इंटर कालेज लालगंज सहित अन्य मतदान केंद्रों, विधानसभा कुंडा एवं बाबागंज क्षेत्र अंतर्गत प्राइमरी स्कूल कुंडा, मॉडल प्राथमिक विद्यालय मनगढ़ का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने बीएलओ से मतदाता सूची, वोटर आईकार्ड के वितरण के संबंध में जानकारी ली। प्राइमरी स्कूल कुंडा मतदान केंद्र पर साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और फर्श टूटी होने पर बीईओ रतनलाल को फटकार लगाई। एक सप्ताह का समय देते हुए व्यवस्था में सुधार न होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पानी, शौचालय, बिजली, रैंप आदि की व्यवस्था एक सप्ताह के अंदर पूर्ण कराने के लिए कहा।