उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों, वीडीओ और समाज कल्याण पर्यवेक्षक को जिलाधिकारी संजीव रंजन और सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने नियुक्ति पत्र वितरित किया। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। अभ्यर्थियों ने एक दूसरे को बधाई दी।
विकास भवन सभागार में 36 ग्राम पंचायत अधिकारी, 11 ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण) और एक समाज कल्याण पर्यवेक्षक पद के नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। विधायक सदर ने कहा कि ग्राम पंचायतों की सेवा के लिए आप लोगों का चयन किया गया है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलाने की जिम्मेदारी भी है। ग्रामीणों की समस्या का प्राथमिकता पर निस्तारण करना भी महत्वपूर्ण कार्य है। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि अपने पदीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। जिससे ग्राम पंचायतों का विकास हो। इस मौके पर सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा, डीपीआरओ श्रीकांत दर्वे, समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र मौर्य, परियोजना निदेशक दयाराम यादव और डीडीओ कृष्ण कुमार मौजूद रहे।