कुंडा तहसील परिसर में अधिवक्ताओं में रार ठन गई है। दि बार एसोसिएशन कुंडा के अध्यक्ष को एल्डर कमेटी ने बहुमत के आधार पर पद से हटाते हुए दो वर्ष के लिए एसोसिएशन से बाहर कर दिया।
वहीं, अध्यक्ष ने एल्डर कमेटी के फैसले को असांविधनिक करार दिया है। एक पक्ष के अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के खिलाफ आंदोलन को जारी रखा जबकि दूसरे पक्ष के अधिवक्ताओं ने विरोध को समाप्त करने की बात कही।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अधिवक्ताओं ने अपना-अपना पक्ष रखा। शुक्रवार को तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के विरोध में नारेबाजी की। अधिवक्ताओं के विरोध व आपसी मतभेद के कारण न्यायिक कार्य प्रभावित हुए।
दि बार एसोसिएशन अध्यक्ष भगवत प्रसाद मौर्य ने बताया कि एल्डर कमेटी ने अपने अधिकार का दुरुपयोग किया। उनके फैसले को असांविधनिक बताया। साथ ही उनके विरुद्ध अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ नोटिस जारी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, एसोसिएशन महामंत्री योगेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एल्डर कमेटी ने बहुमत के आधार पर वर्तमान अध्यक्ष को पद से हटाया है। साथ ही उन्हें एसोसिएशन से दो वर्ष के लिए निष्कासित किया गया है।