लालगंज कोतवाली के कैथौला में नदी में शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
युवक की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव सई नदी में फेंक दिया गया। शुक्रवार सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। युवक के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। इस पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
लालगंज कोतवाली के कैथौला गांव के समीप सई नदी के ककरहिया घाट की ओर सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने पानी में झाड़ियों के बीच युवक का शव देखा। खबर मिलने पर वहां ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस की छानबीन में पता चला कि युवक की धारदार हथियार से किसी अन्य जगह पर हत्या करने के बाद शव यहां लाकर फेंक दिया गया। हत्यारों ने उसका गला रेतने के साथ कलाई पर भी कई वार किए थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र 22 वर्ष के आसपास है। पुलिस ने काफी देर तक मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन, सफलता नहीं मिली। इस पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से तंबाकू का एक पैकेट बरामद हुआ। सीओ रामसूरत सोनकर ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से संपर्क किया गया है। प्रथमदृष्टया हत्या का मामला सामने आ रहा है।