दहिलामऊ में हुए गोलीकांड में पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर लिया है। जिसमें मृतक प्रापर्टी डीलर समेत 14 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
नगर कोतवाली के सगरा निवासी सर्वेश तिवारी व राम प्रसाद पांडेय निवासी बराछा के बीच 8 मई को दहिलामऊ में हुए विवाद के बाद गोली चली थी। दोनों ओर से लाइसेंसी असलहों से कई राउंड फायरिंग हुई थी। गोली लगने से बराछा निवासी राम प्रसाद पांडेय की मौत हो गई। जबकि से सर्वेश, आनंद समेत सात लोग घायल हो गए थे।
घटना में कोतवाली पुलिस ने मृतक रामप्रसाद पांडेय के भाई लक्ष्मण प्रसाद पांडेय की तहरीर पर सर्वेश तिवारी, आनंद तिवारी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने हत्या में नामजद आरोपी अंजनी शुक्ला को लाइसेंसी असलहे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मंगलवार की रात पुलिस ने सर्वेश तिवारी की तहरीर पर मृतक रामप्रसाद पांडेय, उनके भाई लक्ष्मण व विष्णु पांडेय, प्रमोद पांडेय, सुभाष सैनी, विकास मिश्र निवासी पूरे वंशी, रत्नाकर दुबे निवासी रंजीतपुर चिलबिला, जाबिर सिंह निवासी सराय आनादेव व 5-6 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। नगर कोतवाल ने बताया कि चूंकि घटना के दौरान दोनों पक्ष के लोग गोली लगने से घायल हुए थे। इसलिए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।