लालगंज। कब्रिस्तान से अवैध कब्जा हटवाने के लिए पैमाइश के सिलसिले में तहसील आए तीन युवकों पर दर्जन भर दबंगों ने सरेआम हमला बोल दिया। शोर शराबा सुन तहसील के अधिवक्ता दौड़े तो हमलावर भाग निकले। मामले की शिकायत पीड़ित ने सीओ से की है।
संागीपुर थाना क्षेत्र के सुजाखर निवासी मैसन अली, कमाल हसनैन व शाहिद अकबाल गांव में कब्रिस्तान पर अवैध कब्जे को हटवाने के लिए पैमाइश के सिलसिले में बुधवार को तहसील आए थे। तीनों कोतवाली से तहसील के लिए जा रहे थे कि अचानक दर्जन भर लोगों ने उन पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने तीनों युवकों की सरेराह पिटाई शुरू कर दी। तहसील के समीप खुलेआम दबंगई देख वकीलों का जत्था युवकों को बचाने के लिए दौड़ पड़ा तो हमलावर भाग निकले। तीनों युवकों ने वकीलों को बताया कि विपक्षी मुख्तार के साथ आए दर्जन भर लोगों ने उन्हें मारापीटा। युवकों का कहना था कि पहले से ही अवैध कब्जा हटवाने को लेकर पैमाइश न कराने का दबाव डाला जा रहा था। ऐसा नहीं करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिल रही है। युवकों का कहना था कि मुख्तार आदि ने कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। इसकी शिकायत अधिकारियों से की गई थी। पैमाइश के सिलसिले में वे लोग तहसील आए थे। पीड़ितों ने क्षेत्राधिकारी को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग की है।