फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहन से मिलने आ रहे वाराणसी के युवक की ट्रेन से गिरकर मौत

Thu, 25 Jan 2018 01:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
क्राइम
विज्ञापन
बहन से मिलने का अरमान लेकर घर से निकले युवक की इच्छा पूरी नहीं हो सकी। इंटरसिटी एक्सप्रेस से गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची जीआरपी ने परिजनों को सूचना दी। शाम को पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की शिनाख्त की। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन


वाराणसी जनपद के रामनगर कोतवाली के पड़ाव चौराहा समाधि स्थल रोड नई बस्ती निवासी बबलू सोनी (25) पुत्र रमाशंकर सोनी की बहन पूनम का विवाह सांगीपुर में हुआ है। वह अपनी बहन से मिलने के लिए मंगलवार की रात घर से निकला। वाराणसी से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पर वह बैठा था। नगर कोतवाली के पृथ्वीगंज रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की सुबह रेलवे लाइन के करीब एक अज्ञात युवक का शव क्षतविक्षत अवस्था में पड़ा था। जिसकी सूचना लोगों ने स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के कपड़े व बैग की तलाशी ली। जिसमें मोबाइल, आधारकार्ड व दूसरे कागजात मिले। मोबाइल नंबर के सहारे पुलिस ने उसकी पहचान बबलू के रूप में की। इसके बाद परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन प्रतापगढ़ के लिए रवाना हुए। स्टेशन पहुंचे तो बबलू का शव देखते ही लोग रोने लगे। परिजनों ने बताया कि वह टेंपो चलाता था। बहन से मिलने के लिए सांगीपुर जाने की बात कहकर निकला था। इस बात की जानकारी मिलने पर बहन भी रोते-बिलखते पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ जीआरपी ने बताया कि ट्रेन के दरवाजे पर झटका लगने से बबलू गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन


मोबाइल पर बात करने के दौरान अर्चना एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान देने वाली युवती के शव के पास एक युवक की फोटो पड़ी थी। उसे किसी ने गायब कर दिया। जीआरपी को उस फोटो की तलाश है, ताकि युवती की खुदकुशी के कारणों तक पहुंचा जा सके। कोहड़ौर थाना क्षेत्र के डुहिया निवासी रघुवीर वर्मा की पुत्री रिंकी (19) बचपन से ही अपने ननिहाल चैन का पुरवा में मामा रामसुमेर वर्मा के यहां रहती थी।

मंगलवार को वह जगेशरगंज रेलवे स्टेशन के करीब मोबाइल पर बात करते हुए अर्चना एक्सप्रेस के सामने कूद गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो उसके शव के पास ही एक युवक की फोटो पड़ी थी। जिसे बाद में कुछ लोगों ने गायब कर दिया। पोस्टकार्ड साइज की फोटो को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हुआ। जीआरपी मृतक के मोबाइल की काल डिटेल खंगालने के साथ ही उस फोटो की तलाश कर रही है। दूसरी ओर जीआरपी द्वारा पोस्टमार्टम के पेपर समय से मर्चरी न भेजने पर ननिहाल के लोग नाराजगी जताते रहे। कोई रिंकी की खुदकुशी की वजह बताने को तैयार नहीं था। जीआरपी एसओ ने बताया कि मोबाइल से बात करने वालों की खोजबीन के साथ ही घटनास्थल से गायब युवक के फोटो की तलाश की जा रही है, ताकि खुदकुशी की वजह तक पहुंचा जा सके।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें