शहर के भुलियापुर में बदमाशों व पुलिस के बीच सोमवार आधी रात को मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की गोली से दो सिपाही घायल हो गए, जबकि जवाबी फायरिंग में 25 हजार के इनामी बदमाश को गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश व उसके साथी को दबोच लिया। जख्मी बदमाश को चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। दोनों बदमाश गुजरात में सीमेंट कारोबारी की हत्या करने के बाद फरार चल रहे थे। वहां की पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि सोमवार की रात शहर कोतवाल बदमाशों की तलाश में निकले थे। तभी जेठवारा से पुलिस की दबिश पर कार लेकर भागे दो बदमाशों के शहर की ओर आने की खबर मिली। कुछ देर में ही स्वॉट व सर्विलांस टीम के साथ शहर कोतवाल बदमाशों को दबोचने के लिए मोहनगंज की ओर भागे। पता चला कि बदमाशों ने कार रास्ते में छोड़ दी। अब वह बाइक से भाग रहे हैं।
सिटी के पास बदमाशों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह शहर की ओर भागने में कामयाब रहे। पुलिस टीम ने दोनों का पीछा कर लिया। बदमाश आजाद नगर होते हुए भुलियापुर पहुंचने के बाद पुलिस पर फायरिंग करने लगे। इस दौरान स्वॉट टीम के सिपाही सरफराज खान और कोतवाली के आरक्षी राजेंद्र कुमार ओझा के हाथ में गोली लग गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बाइक पर पीछे बैठे 25 हजार के इनामी बदमाश तौसीम पुत्र लियाकत अली निवासी बेलाही थाना महेशगंज के पैर में गोली जा लगी, जिससे वह गिर गया। उसका साथी शाहिद उर्फ बाबा पुत्र सामुद अली निवासी भडना काछा थाना जेठवारा बाइक लेकर गिर पड़ा। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। उनके पास से पिस्टल, तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई। गोली लगने से घायल सिपाहियों और बदमाश तौसीम को जिला अस्पताल लाया गया।
सूचना के बाद एएसपी अविनाश मिश्रा, एसपी एस आनंद भी पहुंच गए। जहां डाक्टरों ने उपचार के बाद घायल बदमाश को प्रयागराज रेफर कर दिया। एसपी ने बताया कि तौसीम और शाहिद ने गुजरात के सूरत जिले के सचिन थाना क्षेत्र में अपने साथी कयूम के साथ सुपारी लेकर सीमेंट कारोबारी लक्ष्मण की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। गुजरात पुलिस इनकी तलाश में है।
अवैध सीमेंट के कारोबारी दोस्त सिद्धनाथ ने लक्ष्मण की हत्या की सुपारी अपने करीबी इकरार को दी थी। इकरार के बुलावे पर लक्ष्मण की हत्या करने के लिए तीनों प्रतापगढ़ से सूरत गए थे। सिद्धनाथ लालगंज कोतवाली के बाबूगंज का रहने वाला है। दबोचे गए दोनों बदमाशों के ऊपर हत्या, जानलेवा हमला, लूट समेत अन्य मुकदमे जेठवारा, महेशगंज व गुजरात में दर्ज हैं।