मकंन्द्रूगंज चौकी से दो सौ मीटर दूर स्थित एक लोहे की दुकान में शुक्रवार रात चोर घुस गए। उसमें रखी नकदी सहित कीमती सामान पार कर दिया। इसके बाद बगल में स्थित पान की गुमटी को भी तोडने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं भंगवाचुंगी के पास एक टॉयर की दुकान में चोरी करने के नियत से घुसे चोर को दुकानदार ने दबोचकर जमकर पिटाई की।
नगर कोतवाली के अचलपुर निवासी राजकुमार की मकंद्रूगंज चौकी के पास लोहे की दुकान है। शुक्रवार की देर रात दुकान का ताला तोडक़र चोर घुस गए। ढाई हजार रुपये समेत 60 हजार का चेक और कीमती सामान उठा ले गए।
बगल में स्थित लल्लू की पान की गुमटी का भी ताला तोडने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। लोहे की दुकान में चोरी करने वाले चोर सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। उधर देर रात भंगवाचुंगी स्थित बिहारी टॉयर वाले की दुकान में एक चोर घुस गया। इस बीच बिहारी की नींद टूट गई और उसे दबोचकर शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग पहुंचे तो पकड़े गए चोर की पिटाई करके पुलिस को बुलाकर कोतवाली भेज दिया। राजकुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाबागंज स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम से पैसा निकाल रहे पीपरपुर के युवक से दस हजार रुपये छीनकर बाइक सवार उचक्का फरार हो गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की है।
अमेठी जनपद के पीपरपुर निवासी सद्दाम किसी काम से प्रतापगढ़ आया था। बाबागंज स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम से पैसा निकाल रहा था। जैसे ही उसने अपना कोड डाला कि काली पल्सर से दो युवक पहुंच गए। एक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा उसके पास पहुंच गया। जल्दबाजी करते हुए उसे बगल करके खुद का एटीएम कार्ड मशीन में लगा दिया। इसी बीच सद्दाम के 10 हजार रुपये एटीएम मशीन से निकले तो वह लेकर फरार हो गया। सद्दाम शोर मचाता रहा, मगर किसी ने उसके मदद के लिए हाथ नहीं बढ़ाया और आरोपी दोनों युवक कोतवाली की ओर भाग निकले। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से की है।
छत के रास्ते से घुसे चोर राजमिस्त्री के घर से नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की। कोहड़ौर थाना के निनवट गांव निवासी रामअभिलाष यादव राजगीर है। शुक्रवार की रात वह खाना खाने के बाद परिवार के साथ बारामदे में सो रहा था। देर रात छत के रास्ते से उसके घर में चोर घुस गए। कमरा का ताला तोडक़र उसमें रखा बाक्स उठा ले गए। उसमें दस हजार नकदी और हजारों के जेवरात के साथ जरूरी कागजात थे।