नगर कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर में पीछे के रास्ते रविवार रात चोर घुस गए। परिवार के लोग सो रहे थे। चोर घर में रखा बाक्स उठा ले गए। उसे खेत में ले जाकर तोड़ डाला और उसमें रखी नगदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
खजुरनी गांव निवासी हरिहर प्रसाद पांडेय का परिवार रविवार की रात एक कमरे में सो रहा था। देर रात पीछे के रास्ते से घर में चोर घुस गए। स्टोर रूम में रखे बाक्स को लेकर फरार हो गए।
सुबह हरिहर प्रसाद के परिजन रूम की सफाई करने गए तो ताला टूटा था। कमरे में रखे सामान बिखरे थे। चोरी की घटना हरिहर के पास पहुंची तो वह दंग रह गया। शौच को गए लोगों ने घर से पांच सौ मीटर दूर स्थित गेहूं के एक खेत में टूटा बाक्स पाया। उसमें रखे लगभग एक लाख के जेवरात व 25 हजार रुपए नकद गायब थे। कपड़े बाक्स से निकालकर खेत में फेंक दिए गए थे। इसकी जानकारी हरिहर के पास पहुंची तो परेशान होकर पुलिस को सूचना दी। मामले में प्रभारी शहर कोतवाल ने बताया की चोरी की घटना की जांच की जा रही है। सही पाए जाने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।