लालगंज सीएचसी में रविवार आधी रात के बाद अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे युवक को मृत बताने पर साथ आए लोगों ने बवाल कर दिया। चिकित्सक व फार्मासिस्ट समेत तीन कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। स्वास्थ्य कर्मचारियों की पिटाई के बाद हमलावर मृतक का शव बाइक पर लादकर भाग निकले। मारपीट से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। पिटाई से आहत चिकित्सक ने सीएमओ को इस्तीफा भेज दिया है। सीएचसी अधीक्षक ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है।
लालगंज सीएचसी में तैनात अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश पटेल व फार्मासिस्ट महेंद्र पाल की रविवार की रात इमरजेंसी में ड्यूटी लगी थी। रात तीन बजे के करीब बाइक सवार दो अज्ञात लोग तीस वर्षीय एक मरीज को लेकर इलाज के लिए पहुंचे। इमरजेंसी में ले जाने पर चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश पटेल ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि इस पर दोनों युवकों ने चिकित्सक की धुनाई शुरू कर दी।
फार्मासिस्ट महेंद्र पाल व चौकीदार/स्वीपर विनय कुमार बीचबचाव करने का प्रयास किया तो उन्हें भी पीटा गया। अस्पताल परिसर में तीनों कर्मचारियों को करीब पांच मिनट तक पीटने के बाद आरोपी मृतक को बाइक पर लादकर भाग निकले। घटना से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन हमलावरों के भाग जाने के बाद लौट आई। सोमवार की सुबह अधीक्षक डॉ. अरविंद गुप्ता कोतवाली पहुंचे और दो अज्ञात के हमलावरों के खिलाफ मारपीट, वीपी मशीन व मोहर पैड लूटने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने व जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर, पिटाई से आहत चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश पटेल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। अधीक्षक ने बताया कि चिकित्सक का पत्र मिला है। उसे सीएमओं के पास भेज जाएगा।
अस्पताल में मारपीट करने वाले हमलावरों की पहचान हो गई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए अस्पताल परिसर में पिकेट लगाई जाएगी।
ओमप्रकाश द्विवेदी, सीओ, लालगंज।
घटना के विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों ने की हड़ताल, तड़पे मरीज
चिकित्सक समेत तीन स्वास्थ्य कर्मचारियों की पिटाई से आहत साथियों ने अस्पताल में हड़ताल कर दी। ओपीडी व इमरजेंसी समेत सभी जगह तालाबंदी कर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए जमकर नारेबाजी की। हड़ताल के चलते ओपीडी में भर्ती मरीजों के साथ ओपीडी के लिए पहुंचे लोग तड़पते रहे। शाम को अफसरों ने स्वास्थ्य कर्मचारियों को समझा बुझाकर हमलावरों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सेवांए बहाल हो सकीं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. ओम प्रकाश पटेल, फार्मासिस्ट महेंद्र पाल व चौकीदार विनय कुमार की पिटाई होने की जानकारी सोमवार को सुबह कर्मचारियों को हुई तो उनमें आक्रोश पनप उठा। आक्रोशित सीएचसी कर्मचारियों ने ओपीडी कक्ष, इमरजेंसी कक्ष, दवा काउंटर समेत सभी कमरों में ताला जड़ते हुए हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया। हड़ताल के बाद हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की।
अस्पताल में हड़ताल होने से भर्ती मरीज तड़पने लगे। ओपीडी कराने पहंचे मरीज भी घंटों हलाकान रहे। घटना की जानकारी होने पर एसडीएम महेंद्र कुमार व सीओ ओमप्रकाश द्विवेदी अस्पताल पहुंचे। लेकिन हड़ताल समाप्त कराने में कामयाब नहीं हो सके। इस बीच सीएमओ ने जिलाधिकारी शंभू कुमार को मामले की जानकारी दे दी। जिस पर जिलाधिकारी ने तहसील प्रशासन को निर्देश देकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम व सीओ दोबारा अस्पताल पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर स्वास्थ्य कर्मियों को शांत कराया। अपराह्न तीन बजे अफसर हड़ताल समाप्त कराने में कामयाब हो सके।
नर्सिंगहोम में मरीजों को कराया गया भर्ती
लालगंज। हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवांए ठप हुईं तो अस्पताल में भर्ती मरीज इलाज के अभाव में तड़पने लगे। इलाज नहीं करने पर अड़े चिकित्सकों का रुख देखकर तीमारदार अस्पताल में भर्ती मरीजों को लेकर नर्सिंगहोम में भाग खड़े ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के साथ आशा व एएनएम को भी भय के बीच परिसर में आना जाना पड़ता है। ऐसे में रविवार की रात चिकित्सक की पिटाई के बाद अधीक्षक व स्वास्थ्य कर्मचारियों ने परिसर में पुलिस चौकी की स्थापना कराए जाने की मांग प्रशासन से की है। फिलहाल सीओ ने तत्काल राहत देते हुए पुलिस की पिकेट अस्पताल में तैनात करने का निर्णय लिया है।
सीसीटीवी में कैद है मारपीट की घटना
लालगंज। चिकित्सक समेत तीान कमर्तचारियों से मारपीट की घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही चिकित्सक ने स्ट्रेचर पर लाए गए युवक को मृत घोषित किया। साथ आए दोनों युवकों ने चिकित्सक की धुनाई शुरू कर दी। पुलिस अब फुटेेज के मदद से आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस सूत्रों की माने तो हमलावरों की पहचान हो गई है और दोनों बैजलपुर इलाके के रहने वाले हैं। हालांकि अभी अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है।