पत्नी से तकरार के बाद पूरे वैष्णव कटरागुलाब सिंह निवासी सनी (22) ने चाकू से अपना गला काटकर जान दे दी। घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी। मंगलवार देर शाम उसको सुपुर्दे खाक कर दिया गया। जेठवारा थाना क्षेत्र के सनी पुत्र नन्हेलाल का विवाह वर्ष 2014 में सदर बाजार निवासी महबूब की बेटी सिमरन से हुआ था। शादी के बाद सनी को बेटा आयत पैदा हुआ। सोमवार की देर रात पत्नी सिमरन से किसी बात को लेकर सनी का विवाद हो गया।
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए और किसी तरह विवाद शांत कराया। गुस्से में आपा खो चुके सनी ने चाकू से अपना गला रेत लिया। जब तक लोग उसे बचा पाते उसके गले की नस कट गई थी। स्थानीय झोलाछाप डाक्टर के यहां उसका प्राथमिक इलाज कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद परिजन उसे सोरांव के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। परिजन रोते बिलखते शव लेकर घर लौट आए। घटना से जेठवारा पुलिस अनभिज्ञता जताती रही।