प्रतापगढ़। इंटर की परीक्षा देकर निकलते ही छात्र के ऊपर दबंग छात्रों ने हमला बोल दिया। उसे सरेआम दौड़ा दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के लिए वह एक दुकान में घुस गया। जहां से उसे हमलावर छात्रों ने घसीट कर बाहर निकाला। विरोध करने पर दुकानदार को धमकाते हुए दुकान में तोड़फोड़ की। घायल छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया।
नगर कोतवाली के महुआर निवासी राजकुमार यादव (18) पुत्र लालप्रताप यादव इंटर का छात्र है। शनिवार को वह राजकीय इंटर कालेज में परीक्षा देने आया था। शाम को परीक्षा छूटते ही वह कालेज से बाहर निकला। तभी उसके साथ परीक्षा देने वाले कुछ छात्रों के साथ बाहरी युवकों ने उस पर हमला बोल दिया। वह जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागा। हमलावर उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे। जान बचाने के लिए वह साधू माली के फूलों की दुकान में घुस गया। इस पर भी हमलावरों को रहम न आया। उन लोगों ने उसे बाहर घसीटकर जमकर पीटा। आसपास के लोगों के बीचबचाव पर उसकी जान बची। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित छात्र का आरोप है कि नकल न कराने पर परीक्षा देने वाले बेगमवार्ड के छात्रों ने उसे मारा पीटा। फिलहाल, पुलिस हमलावर छात्रों की तलाश कर रही है।