नगर कोतवाली के चिलबिला कोट में सोमवार सुबह परिजनों की फटकार से नाराज ग्यारहवीं के छात्र ने तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फील्ड यूनिट टीम ने छात्र के घर पहुंचकर छानबीन की।
नगर कोतवाली के चिलबिला कोट निवासी वर्धमान सिंह (18) पुत्र धीरज सिंह कक्षा 11 का छात्र था। उसका मन पढ़ाई में कम लगता था। पुलिस के मुताबिक सोमवार को उसके चाचा ने पढ़ाई को लेकर उसको फटकार लगा दी। जिससे वह नाराज हो गया। सुबह दस बजे के बाद वर्धमान के पिता और चाचा काम पर चले गए। महिलाएं छत पर धूप में बैठी थीं। इस बीच वह कमरे में गया और सोफा पर बैठकर बायीं कनपटी पर तमंचा सटाकर ट्रिगर दबा दिया। गोली लगते ही वह वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली उसकी दाहिनी कनपटी की तरफ से बाहर निकल गई। फायर की आवाज पर महिलाएं छत से नीचे कमरे में पहुंची तो उसका खून से लथपथ शव पड़ा था। तत्काल इसकी सूचना उसके पिता, चाचा और भाई को दी गई।
आननफानन में उसे लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने वर्धमान को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर लौट गए। खबर मिलने के बाद कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी मौत से मां और पिता रो-रोकर बदहवास हो जा रहे थे। भाई कुछ बोल नहीं पा रहा था। नगर कोतवाल ने बताया कि वर्धमान ने खुद को गोली से उड़ाया है। पढ़ाई करने को लेकर उसके चाचा ने उसे डांट दिया था। मामले की जांच की जा रही है। जिस तमंचे से उसने खुद को गोली मारी है वह भी मिल गया है।