फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शार्प शूटरों ने की सपा नेता के भाई की हत्या

Tue, 06 Feb 2018 11:49 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
सपा नेता के भाई को गोलियों से भूनने वाले शार्प शूटर थे। खूनी खेल के दौरान मृतक आशीष पाल उर्फ जान से रंजिश रखने वाले भी बाइक स्टार्ट कर दूर खड़े थे। पुलिस रंजिश समेत मृतक के जोगापुर में रहने के दौरान हुई घटनाओं को भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि शूटर केवल सपा नेता के भाई की हत्या करने आए थे। ब्याज के रुपये की वसूली के साथ ही रंजिश को ध्यान में रखकर भी जांच की जा रही है।
विज्ञापन


नगर कोतवाली के टक्करगंज निवासी सपा नेता मनीष पाल का भाई आशीष पाल अद नेता पंकज शुक्ला के साथ करीब डेढ़ साल से रह रहा था। इसके पहले वह परिवार के साथ जोगापुर स्थित कांशीराम कालोनी में रहता था। पुलिस के मुताबिक वहां रहने के दौरान जान का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। चार साल पहले कालोनी में रहने वाली एक युवती से उसने दिल लगाया था। हालांकि बाद में युवती के परिवार के लोग कालोनी छोड़कर दूसरी जगह रहने चले गए। उसका उठना बैठना प्रभावशाली लोगों के बीच रहता था। चर्चाओं पर यकीन करें तो वह प्रभावशाली लोगों के साथ रहते हुए उनका काम-काज देखता था।

पंद्रह दिन पूर्व ब्याज के रुपये की वसूली को लेकर कुछ लोगों से प्रभावशाली लोगों का विवाद हुआ था। रुपये न देने पर शहर के ही रहने वाले एक संभ्रांत युवक को दबोचकर पीटा गया था। पिटाई के मामले में जान का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा था। घटना के समय भी अपनी पहचान छिपाने के लिए रंजिश रखने वाले बाइक पर ही बैठे थे। वे सैलून के करीब से दस मिनट के भीतर तीन बार निकले और शूटरों को आगे की कुर्सी पर बैठे जान को दिखाया। इसके बाद शार्प शूटरों ने उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। प्रभारी शहर कोतवाल का कहना है कि जिस तरह से गोली मारी गई है, उससे लग रहा है कि शार्प शूटरों ने घटना को अंजाम दिया है।
विज्ञापन


आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर लगाया सांकेतिक जाम
सपा नेता के भाई आशीष पाल उर्फ जान की हत्या से आक्रोशित लोगों ने मंगलवार की सुबह इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर शव के साथ सांकेतिक जाम लगा दिया। पीछे-पीछे चल रही पुलिस लोगों को समझाने बुझाने लगी। परिजनों संग सपाइयों की मांग थी कि मृतक के भाई को सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस व आर्थिक मदद दी जाए। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर पंकज वर्मा ने लोगों की बात सुनने के बाद हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। जिसके चलते दस मिनट के भीतर हाईवे पर लगा जाम समाप्त हो गया।

घटना के बाद भाग निकले सैलून पर मौजूद दो युवक
सिनेमा रोड पर स्थित सैलून पर सपा नेता के भाई की गोली मारकर हत्या करने के बाद हत्यारे भाग निकले। घटना के दौरान शहर के ही रहने वाले दो युवक वहां बैठे थे। चर्चाओं पर यकीन करें तो वे मोबाइल पर चैटिंग कर रहे थे और घटना के बाद बाइक लेकर भाग निकले।

गोली के लिए दोबारा हुआ एक्सरे
सपा नेता के भाई का पोस्टमार्टम भोर में शुरू हुआ। इस दौरान डाक्टरों को केवल एक बुलेट मिली। जबकि दो बुलेट एक्सरे में दिख रही थी। आशीष को चार गोलियां मारी गई थीं। दो पार हो गई थीं और एक पीठ में तो दूसरी गले में फंसी थी। गोली लगने से उसका जबड़ा टूट गया था। बुलेट ने उसके शरीर के भीतर हृदय और लीवर को डैमेज कर दिया था।

नेताओं का लगा रहा जमघट
सपा नेता के भाई आशीष पाल उर्फ जान की गोली मारकर नृसंश हत्या की खबर मिलते ही नेताओं का अस्पताल में जमघट लग गया। सदर विधायक संगमलाल गुप्ता अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत कर रात में ही पोस्टमार्टम कराने की व्यवस्था कराई। कुछ ही देर में सपा महासचिव इरशाद सिद्दीकी, हरीश शुक्ला, वासिक खान, प्रधान तौहीद, परवेज, मुन्ना यादव, सैफी, अद नेता पंकज शुक्ला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नागेंद्र पाल, गौरव यादव , शकील अहमद, साजिद खान मोर्चरी पहुंचे।

रात में ही धुल दिया सैलून, एक पैर की मिली चप्पल
सिनेमा रोड पर स्थित जिस पार्लर पर सपा नेता के भाई को गोली मारी गई थी। वहां चारों ओर खून फैला हुआ था। घायलों के जाने के बाद सैलून मालिक ने खून धो दिया। मंगलवार की सुबह भी दुकान के बाहर खून के छींटे पड़े थे। दुकान के बाहर एक पैर की चप्पल पड़ी थी। जिसे कोई हमलावर की बता रहा था तो कोई दूसरे की।

सपा नेताओं ने जताया आक्रोश, बोले अपराधी बेलगाम
सपा नेता के भाई आशीष उर्फ जान की हत्या से सपाई आक्रोशित हो उठे। सपा कार्यालय पर बैठक के दौरान नेताओं ने मौन धारण कर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। सयुस के जिलाध्यक्ष शकील अहमद ने कहा कि जिले में आए दिन घटनाएं हो रही हैं। टेऊंगा में राबिया की हत्या के बाद सोमवार की रात लालगंज में दो और देवसरा में एक युवक को गोली मारी गई। आधी रात को सपा नेता के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिले में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। इस मौके पर हरीश शुक्ला, गौरव यादव, साजिद, विनोद पासी, दिलशाद, सैफी, धीरज यादव, विवेक सिंह, अशोक सिंह, वासिक खान, जिला पंचायत सदस्य रामअचल वर्मा, एमएलसी के मीडिया प्रभारी मुक्कू ओझा समेत अन्य लोगों ने शोक जताया।

ताबड़तोड़ घटनाओं से थर्राए लोग
जिले में लगातार हो रहीं आपराधिक घटनाओं से लोग दहशत में हैं। नए साल की शुरुआत में लगा कि इस बार अपराधों में कमी आएगी। शासन से भी कानून व्यवस्था को लेकर लगातार पुलिस प्रशासन को सख्ती बरतने का दिशा निर्देश दिया जाता रहा। इसके बावजूद जिले में अपराध कम होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार की रात आठ बजे से शुरू हुए खूनी खेल का सिलसिला आधी रात तक जारी रहा। लालगंज व देवसरा में तीन लोगों को गोली मारने के बाद बदमाशों ने सपा नेता के भाई को मौत की नींद सुला दिया। चार दिन पहले टेऊंगा में राबिया की नृसंश हत्या को लोग अभी भूले नहीं थे कि सपा नेता के भाई को गोलियों से भून दिया गया। अब हर आंखों में खौफ दिखने लगा है। कोई भी अपने आपको सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें