नमक के भाव को लेकर फैली अफवाह के बाद नमक से लदे वाहनों को भी प्रशासनिक अमला संदेह की निगाह से देख रहा है। नमक लदे ट्रक को एसडीएम ने पकड़ लिया और उसे थाने भेजने के बाद वाणिज्य कर विभाग की टीम से छानबीन शुरू करा दी। इससे क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
देवसरा थाना क्षेत्र के आमापुर ढांढर निवासी रामनरेश सरोज के पास दस चक्का ट्रक है। वह ट्रक खुद ही चलाते हैं। शनिवार को वह वाराणसी से 16 टन नमक लादकर सुलतानपुर के रामगंज बाजार व्यापारी के यहां उतारने के लिए निकले थे। रात होने के कारण घर के करीब ही सड़क पर ट्रक खड़ा कर दिया। रविवार की सुबह कुछ लोगों ने एसडीएम पट्टी रतिभान वर्मा से ट्रक पर लदे नमक को लेकर शिकायत कर दी। इस बात की भनक लगते ही एसडीएम मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ट्रक मालिक को बुलाया और पूछताछ करने लगे। जब पता चला कि ट्रक पर 16 टन नमक लदा है तो अभिलेख तलब किए। इसके बाद नमक लदे ट्रक को देवसरा पुलिस के हवाले करते हुए वाणिज्य कर विभाग को तलब कर लिया। एसडीएम ने बताया कि ट्रक पर लदे नमक की गहराई से छानबीन करने के लिए वाणिज्य कर विभाग को बुलाया गया है। यदि उनकी छानबीन में नमक व्यापार से संबंधित होता तो उसे छोड़ दिया जाएगा।