डीजीपी के नए फरमान के बाद जिले के नामचीन स्कूलों पर अब पुलिस की पैनी नजर होगी। पहले खुफिया विभाग स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की टोह लेगी। इसके बाद कॉलेजों के इर्द-गिर्द पुलिसकर्मी नजर रखेंगे। खासकर, छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस शोहदों पर शिकंजा कसेगी। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने आंतकी वारदातों के साथ ही स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ हो रही घटनाओं को रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है। अब, नामचीन स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर क्या तैयारी है, इस पर पुलिस को अधिक ध्यान देने के लिए कहा गया है। खासकर, प्रतिष्ठित स्कूलों में छात्र- छात्राओं की संख्या अधिक रहती है।
आईजी के निर्देश पर जनपद में करीब दो सौ के आसपास कॉलेज चिन्हित किए गए हैं। उस क्षेत्र व कॉलेज की सुरक्षा की हकीकत खंगालने के बाद खुफिया विभाग अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट भेजेंगे। साथ ही उन कॉलेजों की सूची तैयार की जाएगी। जहां अधिक खतरे की आशंका होगी। किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए कॉलेज संचालकों को खुफिया विभाग व फायरब्रिगेड की टीम सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देगी। जिन कॉलेजों में चहारदीवारी के साथ गेट नहीं लगा होगा, वहां गेट लगवाया जाएगा। सीसीटीवी, विद्युत व्यवस्था व सुरक्षा के लिए गार्ड की तैनाती कराई जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद ऐसे कॉलेजों के इर्द-गिर्द पुलिसकर्मी सादी वर्दी में मुस्तैद रहेंगे। कॉलेज बंद होने व खुलने के समय पुलिसकर्मी शोहदों व छात्राओं से अश्लील हरकत करने वालों पर भी शिकंजा कसेंगे।