पैसा वसूल कर घर जा रहे व्यापारी को बदमाशों ने तमंचा सटाकर डिग्गी से ढाई लाख रुपये निकाल कर भाग निकले। घटना से डरा व्यापारी चुपचाप घर चला गया। कुछ देर बाद उसने घटना के बारे में अन्य लोगों से चर्चा की। लोगों के समझाने पर उसमें साहस आया तो उसने थाने में इसकी सूचना दी।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के लवाना निवासी अशोक केसरवानी गल्ला का व्यवसाय करता है। वह परियावां में सजन अग्रहरि के यहां गल्ला देता है। मंगलवार को वह सजन अग्रहरि के यहां पेमेंट लेने आया था। सुबह 10 बजे उसने सजन के यहां से ढाई लाख रुपये की वसूली की और घर के लिए निकल पड़ा। रास्ते में जुगई का पुरवा गांव के पास बाइक से दो अज्ञात युवक आए और तमंचा सटाकर उसकी बाइक रोक ली। इसके बाद उसकी बाइक से चाबी निकाल ली और डिक्की खोलकर रुपयों से भरा बैग निकाल लिया। इसके बाद उसकी बाइक की चाभी भी लेकर चले गए।
कुछ देर तो वह समझ ही नहीं पाया कि उसे क्या करना चाहिए। जब तक बात उसकी समझ में आई बदमाश जा चुके थे। इस पर उसने किसी दूसरी चाभी से बाइक स्टार्ट की और घर चला गया। वहां उसने आसपास के लोगों से इसकी चर्चा की। इस पर उन लोगों ने उसे समझाकर थाने भेजा। थाने में पहुंचकर उसने इसकी तहरीर दी। पुलिस घटना की जांच कर रही है।