जिले में लगातार हो रहीं लूट-छिनैती और हत्या की घटनाओं से नाराज आईजी जोन ब्रजभूषण शर्मा सोमवार को मातहतों की लगाम कसने बेल्हा पहुंचे। उन्होंने कहा कि एक पखवारे के भीतर हुई लूट, हत्या की घटनाओं को अंजाम देकर लुटेरों ने पुलिस को चुनौती दी है। यदि एक सप्ताह के भीतर लुटेरे हाथ नही लगे तो कोतवाल और एसओ अपनी कुर्सी खतरे में समझें। लूट की घटनाओं को लेकर आईजी का पारा गरम रहा। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर लूट की घटनाओं के खुलासे का निर्देश दिया। आईजी के तेवर देखकर एसी वाले हाल में मातहतों को पसीना छूटता रहा।
पुलिस लाइंस के सई कांप्लेक्स में सोमवार को समीक्षा बैठक प्रारंभ होते ही आईजी ने लूट की घटनाओं को लेकर संबंधित कोतवाल और थानेदारों की क्लास लगाई। नगर कोतवाल बलिराम मिश्र आईजी के निशाने पर रहे। लूट, छिनैती, वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर एसपी ने नगर कोतवाल बलिराम मिश्र, आसपुर देवसरा एसओ अखिलेश राय, लालगंज के प्रभारी कोतवाल सभाजीत मिश्र से घटनाओं के बाद खुलासे की प्रगति रिपोट जाननी चाही। जवाब से असंतुष्ट आईजी ने कहा कि सभी को एक सप्ताह की मोहलत दी जाती है। यदि इसके भीतर लूट, हत्या जैसी घटनाओं का खुलासा करते हुए लुटेरों को जेल न भेजा गया तो उन लोगों की कुर्सी भी सही सलामत नहीं रहेगी। कोहंडौर एसओ राजकिशोर व रानीगंज संजय शर्मा, पट्टी के प्रभारी कोतवाल अजीत पांडेय, हथिगवां एसओ अमित पांडेय की भी आईजी ने क्लास लगाई। कहा कि इलाके में होने वाले अपराधों पर नियंत्रण रखने के साथ ही पुलिस की गिर रही साख को ऊपर उठाएं और जनता को भयमुक्त माहौल दें। इस मौके पर एसपी बलिकरन सिंह यादव, एएसपी पूर्वी दिनेश सिंह, एएसपी पश्चिमी अखिलेवर पांडेय, सीओ सिटी एमपी सलोनिया समेत दूसरे अधिकारी मौजूद रहे।