राज्यमंत्री पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली जगेंद्र की महिला मित्र ने बताया कि गैंगरेप के मामले की अदालत में चार मई को सुनवाई होनी है। इसी मामले में 31 मई की रात अमित भदौरिया, गुफरान और एक अन्य व्यक्ति उनके घर आया और मुकदमा वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में वह सोमवार को एसपी से शिकायत करने गई थीं। आरोप है कि शिकायत करने के बाद वह घर जाने को एसपी कार्यालय से निकली थीं, तभी कोतवाल ने गैंगरेप के आरोपी गुफरान के साथ उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया और जगेंद्र के घर ले आए। गुफरान उनका हाथ पकड़े घर के पास खड़ा रहा और पुलिस कर्मियों ने दीवार फांदकर अंदर से दरवाजा खोला और जगेंद्र पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
राज्यमंत्री के खिलाफ खबरें लिखने पर थे चर्चा में....
आवास विकास में रहने वाले जगेंद्र सिंह इन दिनों वह राज्यमंत्री राममूर्ति वर्मा के खिलाफ खबरें लिखने को लेकर चर्चा में हैं। बरेली मोड़ स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले अमित प्रताप भदौरिया ने जगेंद्र और उनके साथी विनोद और अनुराग मिश्रा के खिलाफ 12 मई को जानलेवा हमले और अपहरण करने के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस जगेंद्र की तलाश में थी।
पुलिस बोली....
जानलेवा हमले और अपहरण के प्रयास के मामले में पुलिस उसके घर दबिश देेने गई थी। तभी जगेंद्र ने घर के अंदर से ही गाली-गलौज शुरू कर दी। फिर पेट्रोल छिड़कर आग लगा ली। उन्होंने पुलिस कर्मियों की मदद से दीवार से कूदकर दरवाजा खोलकर जगेंद्र को बचाया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।