माघी बिहार से बाराबंकी जा रहा जानवरों से लदा ट्रक गुरुवार सुबह नवाबगंज के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उस पर सवार व्यापारी की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद वह मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक में लदे जानवरों को बाहर निकलवाया। व्यापारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बागपत जनपद के भिटौली थाना बसांवा गांव निवासी आदिल (24) पुत्र फारुक व उसका चचेरा भाई मोहीम पुत्र बाबू माघी बिहार से एक ट्रक पर 45 जानवर लादकर कुर्सी बाराबंकी जा रहे थे। गुरुवार सुबह नवाबगंज के महमदगंज के पास ड्राइवर को झपकी आ गई और ट्रक खड्ढ में जाकर पलट गया। इससे ट्रक में बैठे आदिल और मोहीम घायल हो गए। उधर ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजवाया और ट्रक में मौजूद जानवरों को थाने के पास बंधवा दिया। उधर कुसुआपुर पीएचसी में चिकित्सकों ने आदिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहीम का अभी इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देते हुए शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। देर शाम तक इस मामले में कोई मुकदमा नहीं लिखा गया था।