प्रतिबंध के बाद भी धड़ल्ले से पॉलीथीन का इस्तेमाल होने से संबंधित खबर ‘अमर उजाला’ में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को अफसरों की नींद टूटी। खबर का असर रहा कि पॉलीथीन जब्त करने के लिए अफसरों ने गुरुवार को ताबड़तोड़ छापामारी शुरू कर दी। इस दौरान भारी मात्रा में पॉलीथीन पकड़ी गई। फल-सब्जी विक्रेताओं और ठेले वालों को चेतावनी दी गई।
शासन के सख्त आदेश के बाद भी बेल्हा में प्लास्टिक थैलियों व कैरीबैग का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है। जानकर भी जिले के आलाधिकारी चुप्पी साध लिए थे। गुरुवार को ‘अमर उजाला’ ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो फूड विभाग के अधिकारियों की नींद टूट गई। जिला अभिहित अधिकारी डा. दीनानाथ यादव के निर्देश पर फूड इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव, अवधेश व देवराज ने चिलबिला क्षेत्र में छापामारी की।
इस दौरान चिलबिला के कुछ दुकानों से भारी मात्रा में पॉलीथीन बरामद की गई। फूड विभाग के अधिकारियों ने पॉलीथीन को जब्त करके उसे नष्ट कर दिया। इसके बाद अजीत नगर स्थित गोपाल किराना स्टोर पर छापामरी करके भारी संख्या में पॉलीथीन बरामद की गई। अभिहित अधिकारी दीनानाथ यादव ने बताया कि अभियान चलाकर पॉलीथीन का प्रयोग करने वाले छोटे-बड़े दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।