सांगीपुर के पचखरा में दहेज उत्पीड़न की जांच करने पहुुंचे दरोगा व सिपाहियों पर हमला करने के मामले में महिला समेत चार नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद से गांव के लोग घर छोड़कर फरार हैं। उधर घायल दरोगा अवकाश लेकर चला गया। उसका जीआरपी के लिए स्थानांतरण आदेश भी शनिवार को थाने पहुंच गया। गिरफ्तारीके लिए सीओ लालगंज की अगुवाई में टीम गठित की गई है।
अंतू के बभनी निवासी पुष्पा देवी पत्नी रामसकल पाल ने अपनी बेटी की शादी सांगीपुर के पचखरा निवासी अजय पाल पुत्र छोटेलाल पाल के साथ तय की थी। 4 दिसंबर को शादी होनी थी। आरोप है कि दहेज की मांग करते हुए अजय ने शादी तोड़ दी। पुष्पा के परिजनों ने अजय कुमार, छोटेलाल, शिवपत्ति व अजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उसी मुकदमे की विवेचना करने के लिए शनिवार रात आठ बजे बोलेरो से अंतू थाने के दरोगा सुधीर पांडेय सिपाही सर्वजीत यादव व जनार्दन शुक्ला के साथ अजय के घर पहुंचे। तभी महिलाओं के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को जमकर पीटा, और बोलेरो क्षतिग्रस्त कर दी। किसी तरह पुलिसकर्मी जान बचाकर भाग निकले। रात में ही सांगीपुर पुलिस घायल दरोगा सुधीर को अपने साथ ले गई और मेडिकल के बाद दरोगा की तहरीर पर अजय, छोटेलाल, शिवपत्ति और अजीत के खिलाफ नामजद व 25 अज्ञात पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करहमलावरों के परिजन भी हैं पुलिस मेंः दरोगा व पुलिसकर्मियों को पीटने वाले मनबढ़ हैं। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने बताया कि हमलावरों के परिवार के लोग भी पुलिस में हैं। एक दरोगा व सिपाही परिवार में होने के कारण अजय पाल के परिजन हमेशा दबंगई पर उतारू रहते थे।
दरोगा को दगा देकर भागे सिपाहीः प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दरोगा सुधीर ग्रामीणों के बीच भागने के दौरान फंस गए। दरोगा को ग्रामीणों के बीच फंसा देखते हुए भी सिपाही रुकने के बजाय अपनी जान बचाने के लिए भाग निकले। पिटाई के दौरान दरोगा सुधीर पांडेय का मोबाइल भी छीन लिया लिया। दरोगा ने खुद ये बात बताई है।