लखनऊ से प्रयागघाट जाने वाली पीआरएल पैसेंजर के इंतजार में फैजाबाद-प्रयाग पैसेंजर (टूएफपी) को दो घंटे तक चिलबिला में रोके रखना रेल प्रशासन को महंगा पड़ा। गुस्साये यात्रियों ने चिलबिला और प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन पर बवाल करना शुरू कर दिया। मुसाफिरों के आक्रोश को देखकर बैकफुट पर आए रेल प्रशासन को आखिरकार, कैंसिल की गई पीआरएल पैसेंजर को फिर से चलाने का निर्णय लेने पर मजूबर होना पड़ा। इस दौरान दो घंटे तक चिलबिला और प्रतापगढ़ स्टेशन पर कामकाज प्रभावित रहा।
लखनऊ से प्रयागघाट जाने वाली पीआरएल पैसेंजर प्रतापगढ़ में कैंसिल थी। यात्रियों को दिक्कत न होने पाए, इसके लिए यात्रियों को चिलबिला में फैजाबाद-प्रयाग पैसेंजर में बैठाना था। इसकी सूचना यात्रियों को देने का निर्देश कंट्रोल ने चिलबिला को दिया था।
बताया जाता है कि फैजाबाद पैसेंजर समय से चिलबिला जंक्शन पर आ गई। आधे घंटे बाद ट्रेन नहीं चली तो यात्री एसएम से पूछने चले गए। वहां से जवाब मिला कि लखनऊ साइड से आ रही पीआरएल पैसेंजर के आने के बाद ही इसको चलाया जाएगा। कारण पूछने पर जवाब मिला कि पीआरएल प्रतापगढ़ में कैंसिल कर दी जाएगी। उसके यात्रियों को प्रयाग- फैजाबाद पैसेंजर से भेजने का निर्देश कंट्रोल से मिला है। मगर, यह नहीं बताया कि पीआरएल कहां पर है। यह सुनने के बाद यात्री चले आए।