लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर कार टेंपो की भिड़ंत में टेंपो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार की रात साढ़े आठ बजे नगर कोतवाली के पृथ्वीगंज बाजार चंद कदम दूर वाराणसी की ओर से आ रही कार और सामने से आ रहे टेंपो के बीच भीषण टक्कर हो गई। जिससे टेंपो और कार सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी को जिला अस्पताल ले आए। यहां डाक्टरों ने टेंपो चालक सतीशचंद्र शुक्ला (40) को मृत घोषित कर दिया। चालक की पत्नी सुमन शुक्ला (35) का इलाज चल रहा है। कार सवार जीतेंद्र प्रताप सिंह (38) निवासी वाराणसी व कार चालक बाबू खां का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। बताते हैं कि जीतेंद्र प्रताप का परिवार लखनऊ में ही रहता है।
वह किसी कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर कार्यरत हैं। दूसरी घटना में कटरामेदनीगंज की ओर जा रही टेंपो बेकाबू होकर कस्बे के करीब ही पलट गई। जिससे अफसाना (35), फरजाना (35), नूरजहां, किताबुल निशा व हिना घायल हो गईं। सभी को प्राइवेट अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया।