विद्युत उपभोक्ताओं को अब उपकेन्द्राें पर लंबी कतार में नहीं जूझना पड़ेगा। उपभोक्ता जल्द ही एटीएम से अपना बिजली बिल जमा कर सकेंगे। उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए विभाग जल्द ही उपकेन्द्रों पर स्वैप मशीन लगाने जा रहा है। इससे जहां उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी, वहीं विभागीय कर्मचारियों को भी कागजी कोरम से निजात मिलेगी।
जिले के प्रथम व द्वितीय विद्युत वितरण उपखंड के तहत लगभग 3 लाख विद्युत उपभोक्ता हैं। विभाग की तरफ से बिजली बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को सहूलियत के तौर पर हैंड हेल्ड डिवायस के माध्यम घर बैठे बिलिंग की प्रक्रिया शुरू दी गई। इसके लिए उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाया जा रहा है। शहर में तो घर बैठे बिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गांवों में भी मीटर लगाने का कार्य किया जा रहा है। मगर घर-घर मीटर के अभियान में अभी समय लगेगा। अभी भी लोग बिल की पर्ची लेकर उपकेन्द्रों पर कतार में खड़े होकर धक्कामुक्की करते हैं। इतना ही नहीं उपभोक्ताओं को उपकेन्द्रों पर कर्मचारियों की अनुपस्थित के चलते भी बगैर बिल जमा किए बैरंग लौटना पड़ता है। ऐसे में बिल जमा करने केा लेकर उपभोक्ताओं को कई दिनोें तक उपकेन्द्रों पर चक्कर काटना पड़ता है।
विज्ञापन
बिल जमा करने व छूट दिलाने के नाम पर उपभोक्ताओं को बरगालकर दलाल भी परेशान करते हैं। शिकायत कई बार अधिकारियों से भी की जा चुकी है। उपभोक्ताओं को भी काफी परेशान होना पड़ता है। वहीं उपकेन्द्रों पर भी बिल जमा करने की कागजी कोरम पूरा करने में दो से तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगानी पड़ती है। इस समस्या को देखते हुए उपभोक्ताओं की सहूलियत के तैार पर अब विभाग की तरफ से उपकेन्द्रों पर स्वैप मशीन स्थापित करने की पहल शुरू की गई है। विभाग की मानें तो जिले के सभी 62 उपकेन्द्रों पर स्वैप मशीन लगाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। स्वैप मशीन के माध्यम से उपभोक्ता अपने एटीएम कार्ड से बिल के माफि क धनराशि को जमा कर सकेंगे। स्वैप मशीन से कागजी कोरम की प्रक्रिया से छुट्टी मिलेगी। बिल की रकम स्वैप होते ही इसका मैसेज तुरंत उपभोक्ता के मोबाइल पर आ जाएगा और इलेक्ट्रॉनिक प्रिंटेडेड बिल की रसीद मिल जाएगी। ऐसे में कतार में लगकर शीथिल कर्मचारियों के कागजी कोरम में लोगों का समय नहीं बर्बाद होगा।
एक्सईन द्वितीय ओपी मिश्र ने बताया कि उपकेन्द्रों पर स्वैप मशीन लगाए जाने की पहल की जा रही है। विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही इस उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ उठाएंगे।